चिरमिरी पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, रोजगार से लेकर सड़क और पानी की समस्या पर उठे बड़े सवाल
कोयला नगरी में रोजगार का संकट, युवाओं का भविष्य क्या होगा?


उग्रसेन पाल एमसीबी, छत्तीसगढ़ मोबाइल – 9691442556
चिरमिरी पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, रोजगार से लेकर सड़क और पानी की समस्या पर उठे बड़े सवाल
कांग्रेसियों ने किया भव्य स्वागत, विवाह समारोह में नवदंपति को दिया आशीर्वाद और शोकाकुल परिवार से की मुलाकात; एसईसीएल की खदानों को निजी हाथों में सौंपने पर सरकार को घेरा

एमसीबी/चिरमिरी। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज चिरमिरी पहुंचे। सोनामनी नाका पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने पटाखे फोड़कर और फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। उनके चिरमिरी प्रवास को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सबसे पहले इंटक के क्षेत्रीय अध्यक्ष अब्दुल सलीम राजू के निवास पहुंचे। यहां उन्होंने उनकी सुपुत्री के विवाह उपरांत नवदंपति को आशीर्वाद दिया और परिवार को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात भी की।
इसके बाद उनका काफिला गोदरीपारा स्थित मंडल अध्यक्ष उदय सिंह के निवास पहुंचा, जहां उन्होंने उदय सिंह के पिता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा
मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में रोजगार की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को नौकरियां मिल नहीं रही हैं, बल्कि नौकरियां समाप्त की जा रही हैं। शासन की ओर से मिलने वाले रोजगार के अवसर बंद हो रहे हैं और सरकारी संस्थानों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। उन्होंने एसईसीएल की खदानों का जिक्र करते हुए कहा कि यदि खदानें अडानी को दी जाती रहेंगी तो स्थानीय लोगों को रोजगार कहां से मिलेगा?
चिरमिरी के विकास पर भी उठने चाहिए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री के चिरमिरी दौरे के बीच शहर की बुनियादी समस्याएं भी चर्चा का महत्वपूर्ण विषय हैं। कभी कोयला नगरी के रूप में अपनी अलग पहचान रखने वाला चिरमिरी आज सड़क, पानी और रोजगार जैसी समस्याओं से जूझ रहा है।
शहर के कई इलाकों में सड़क की स्थिति और पेयजल व्यवस्था को लेकर आम नागरिकों में नाराजगी देखने को मिलती है। लोगों का सवाल है कि आखिर चिरमिरी के विकास की जिम्मेदारी किसकी है? चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सड़क और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए लोगों को परेशानी क्यों उठानी पड़ती है?
कोयला नगरी में रोजगार का संकट, युवाओं का भविष्य क्या होगा?
चिरमिरी की पहचान कोयला खदानों से रही है। यहां के हजारों परिवारों की आजीविका प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से एसईसीएल से जुड़ी रही है। ऐसे में खदानों के निजीकरण और रोजगार के अवसरों में कमी को लेकर स्थानीय युवाओं और श्रमिक परिवारों की चिंताएं गंभीर हैं।
आज चिरमिरी के युवाओं के सामने सबसे बड़ा सवाल रोजगार का है। स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर क्यों नहीं मिल रहे? बंद होती खदानों और सीमित रोजगार के बीच शहर के भविष्य की क्या योजना है? क्या चिरमिरी के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन करना पड़ेगा?
अब जरूरत है कि राजनीतिक दल केवल आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित न रहें, बल्कि चिरमिरी की सड़क, पानी और रोजगार जैसी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना भी जनता के सामने रखें।




