पत्रकार सम्मान समारोह में पत्रकार हितों को लेकर उठी आवाज
कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा, विशेष चिकित्सा सहायता कोष, आरक्षित बेड और प्रेस भवन के विस्तार की मांग

पत्रकार सम्मान समारोह में पत्रकार हितों को लेकर उठी आवाज
कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा, विशेष चिकित्सा सहायता कोष, आरक्षित बेड और प्रेस भवन के विस्तार की मांग
उग्रसेन पाल

एमसीबी/चिरमिरी। प्रेस क्लब चिरमिरी-खड़गवां द्वारा आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कोरिया एवं एमसीबी जिले के वरिष्ठ पत्रकारों, प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों की उपस्थिति रही। समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान पत्रकारों ने स्वास्थ्य मंत्री की उपस्थिति के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका कार्यक्रम में शामिल होना पत्रकारों के प्रति उनके स्नेह, सम्मान और अपनत्व को दर्शाता है।
समारोह में पत्रकारों की ओर से स्वास्थ्य एवं पत्रकार कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे भी प्रमुखता से रखे गए। पत्रकारों ने मांग की कि प्रदेश के मान्यता प्राप्त तथा ग्रामीण अंचलों में सक्रिय पत्रकारों और उनके आश्रित परिवारों के लिए सरकारी एवं अनुबंधित निजी अस्पतालों में कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
इसके साथ ही गंभीर बीमारियों, जैसे कैंसर एवं हृदय रोग तथा कार्य के दौरान दुर्घटना का शिकार होने वाले पत्रकारों के लिए शासन स्तर पर विशेष चिकित्सा सहायता कोष गठित करने की मांग रखी गई। पत्रकारों का कहना था कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी पत्रकार को बेहतर इलाज से वंचित नहीं होना चाहिए।
पत्रकारों ने जिला चिकित्सालयों एवं बड़े स्वास्थ्य संस्थानों में पत्रकारों के आपातकालीन उपचार के लिए आरक्षित बेड की व्यवस्था करने तथा इसके लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग भी रखी।
प्रेस भवन के विकास और विस्तार की मांग
समारोह के दौरान पत्रकारों ने एमसीबी जिले के चिरमिरी खड़गवां प्रेस भवन के विकास एवं विस्तार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। प्रेस भवन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मजबूत बाउंड्रीवॉल के निर्माण, वर्तमान भवन के जीर्णोद्धार तथा पत्रकारों की बढ़ती संख्या एवं आधुनिक तकनीकी जरूरतों को देखते हुए भवन के ऊपर प्रथम तल का निर्माण कराने की मांग की गई।
पत्रकारों ने कहा कि अतिरिक्त भवन में डिजिटल मीडिया कक्ष, मीटिंग हॉल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं, जिससे पत्रकारों को अपने कार्य के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर पत्रकारों ने सम्मानित हुए सभी पत्रकार साथियों को बधाई देते हुए उनके संघर्ष, मेहनत और समाज के प्रति जिम्मेदारी को प्रेरणादायक बताया। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रेस क्लब के पदाधिकारियों, आयोजन समिति के सदस्यों तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
समारोह के अंत मैं आयोजकों ने मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक एवं कैविनेट मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, जी का एवं कार्यक्रम मैं आये सभी समानित लोगों का सभी सम्मानित अतिथियों तथा कोरिया एवं एमसीबी जिले से पहुंचे समस्त पत्रकार साथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि पत्रकारों के हितों और समस्याओं को लेकर भविष्य में भी इसी तरह एकजुट होकर प्रयास जारी रहेंगे।




