चिरमिरी में रेत माफियाओं के हौसले बुलंद! बिना नंबर प्लेट के तेज रफ्तार दौड़ रहे ट्रैक्टर, नाबालिगों के हाथों में स्टेयरिंग; आखिर खनिज विभाग की चुप्पी क्यों?
भूकभूकी, कादरेवा और आमाडांड के छोटे नदी-नालों से रेत उत्खनन कर चिरमिरी तक पहुंचाई जा रही रेत? गोदरीपारा बी टाइप में पुलिस ने रेत से भरे ट्रैक्टर को पकड़ा, कलेक्टर को भेजा प्रतिवेदन; प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेश उपाध्याय तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाल-बाल बचे।

चिरमिरी में रेत माफियाओं के हौसले बुलंद! बिना नंबर प्लेट के तेज रफ्तार दौड़ रहे ट्रैक्टर, नाबालिगों के हाथों में स्टेयरिंग; आखिर खनिज विभाग की चुप्पी क्यों?

भूकभूकी, कादरेवा और आमाडांड के छोटे नदी-नालों से रेत उत्खनन कर रात के अंधेरे में चिरमिरी तक पहुंचाई जा रही रेत? गोदरीपारा बायपास में पुलिस ने रेत से भरे ट्रैक्टर को पकड़ा, कलेक्टर को भेजा प्रतिवेदन; प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेश उपाध्याय तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाल-बाल बचे।

एमसीबी/चिरमिरी। चिरमिरी क्षेत्र में इन दिनों अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर शासन-प्रशासन राजस्व बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की बात करता है, वहीं दूसरी ओर चिरमिरी के आसपास स्थित ग्राम पंचायत भूकभूकी, कादरेवा और आमाडांड के छोटे नदी-नालों से कथित रूप से रेत का अवैध उत्खनन कर छोटे ठेकेदारों और निजी व्यक्तियों तक पहुंचाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के प्राकृतिक जलस्रोतों से इस तरह रेत निकालने का सिलसिला यदि समय रहते नहीं रुका तो आने वाले समय में पर्यावरण और जलस्रोतों पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि रेत परिवहन में लगे कई ट्रैक्टरों को कथित तौर पर अनुभवहीन और नवसिखिए चालक चला रहे हैं। स्थानीय लोगों की चर्चा के अनुसार कुछ ट्रैक्टरों की स्टेयरिंग नाबालिग बच्चों के हाथों में भी है। सवाल यह उठता है कि आखिर ट्रैक्टर मालिक अपनी कमाई के लिए गांव के भोले-भाले लड़कों और बच्चों की जान जोखिम में क्यों डाल रहे हैं? क्या कुछ रुपयों के लालच में बच्चों के भविष्य और आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करना उचित है?

बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे ट्रैक्टर, यातायात व्यवस्था को चुनौती!
चिरमिरी की मुख्य सड़कों पर बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टरों का संचालन भी गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। तेज रफ्तार से दौड़ते इन ट्रैक्टरों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो सड़क पर यातायात नियमों की कोई अहमियत ही नहीं रह गई हो। आम नागरिक, दोपहिया वाहन चालक और राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर सड़क पर चलने को मजबूर हैं।
बिना पंजीयन नंबर या नंबर प्लेट के चल रहे वाहनों की पहचान करना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में सवाल है कि इन ट्रैक्टरों की फिटनेस, पंजीयन, बीमा, परमिट और चालक के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच आखिर कौन करेगा? क्या परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की जिम्मेदारी केवल सामान्य वाहन चालकों तक सीमित है?
प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेश उपाध्याय बाल-बाल बचे, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बढ़ाई चिंता
इस लापरवाही का एक गंभीर उदाहरण उस समय सामने आया, जब चिरमिरी प्रेस क्लब के पत्रकार एवं संगठन के अध्यक्ष राजेश उपाध्याय की गाड़ी का सामना तेज रफ्तार से आ रहे ट्रैक्टर से हो गया। बताया जा रहा है कि यदि अध्यक्ष राजेश उपाध्याय समय रहते अपनी गाड़ी को संभालकर नहीं बचाते तो एक बड़ा हादसा हो सकता था।
इस घटना ने एक बार फिर शहर की सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे ट्रैक्टरों की कार्यप्रणाली और यातायात सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब जिम्मेदार नागरिक और पत्रकार स्वयं ऐसी परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं, तो आम राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
गोदरीपारा बी टाइप में पुलिस की कार्रवाई, रेत से भरा ट्रैक्टर जब्त
इसी बीच चिरमिरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोदरीपारा के बी टइप में तेज रफ्तार से जा रहे रेत से भरे एक ट्रैक्टर को रोककर अपने कब्जे में लिया। पुलिस टीम ट्रैक्टर को थाने लेकर पहुंची और मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार पुलिस द्वारा मामले में प्रतिवेदन तैयार कर जिला कलेक्टर को भी भेजा गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से उम्मीद जगी है कि अवैध रेत परिवहन में लगे वाहनों पर अब सख्ती होगी। हालांकि बड़ा सवाल यह है कि क्या कार्रवाई केवल एक ट्रैक्टर तक सीमित रहेगी या फिर इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रेत उत्खनन करने वालों, परिवहनकर्ताओं और ट्रैक्टर मालिकों तक भी प्रशासन पहुंचेगा?
खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल, क्या राजस्व को बनाया जाएगा लक्ष्य?
चिरमिरी क्षेत्र में कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर खनिज विभाग की सक्रियता पर भी स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। जनचर्चा है कि यदि खनिज विभाग की टीम नियमित रूप से एकसूत्रीय अभियान चलाकर नदी-नालों और रेत परिवहन के रास्तों पर जांच करे तो इस अवैध कारोबार पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।
आखिर छोटे नदी-नालों से निकलने वाली रेत किसकी अनुमति से निकाली जा रही है? रेत का परिवहन किन लोगों के इशारे पर हो रहा है? क्या संबंधित वाहनों के पास वैध ई-टीपी और रॉयल्टी दस्तावेज हैं? यदि नहीं, तो अब तक जिम्मेदार लोगों पर ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
प्रशासन को चाहिए कि इस मामले को केवल कानून-व्यवस्था का विषय न मानकर सरकारी राजस्व के नुकसान के रूप में भी गंभीरता से ले। अवैध रेत उत्खनन से शासन को मिलने वाली रॉयल्टी का नुकसान होता है। इसलिए खनिज विभाग को राजस्व वसूली और अवैध उत्खनन पर रोक को लक्ष्य बनाकर विशेष अभियान चलाना चाहिए। जहां अवैध उत्खनन प्रमाणित हो, वहां नियमानुसार रॉयल्टी, जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
ट्रैक्टर मालिकों पर भी हो सख्त कार्रवाई
प्रशासन को केवल ट्रैक्टर चालक को पकड़कर कार्रवाई पूरी नहीं करनी चाहिए। जांच में यदि यह सामने आता है कि ट्रैक्टर मालिक जानबूझकर नाबालिगों से वाहन चलवा रहे हैं या अवैध रेत परिवहन में अपने वाहन लगा रहे हैं, तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के पंजीयन, फिटनेस, बीमा और अन्य वैधानिक दस्तावेजों की जांच की जाए। नाबालिगों से वाहन चलवाने के मामलों में मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई हो। साथ ही पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाएं।
अब प्रशासन से जनता के सीधे सवाल
- भूकभूकी, कादरेवा और आमाडांड के नदी-नालों में रेत उत्खनन की अनुमति किसे दी गई है?
- चिरमिरी में पहुंचने वाली रेत के वैध ई-टीपी और रॉयल्टी दस्तावेजों की जांच कब होगी?
- बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर मुख्य सड़कों पर कैसे दौड़ रहे हैं?
- नाबालिगों से ट्रैक्टर चलवाने वाले मालिकों पर अब तक कितनी कार्रवाई हुई?
- क्या खनिज विभाग अवैध रेत उत्खनन से होने वाले सरकारी राजस्व के नुकसान का आकलन करेगा?
- क्या पुलिस, खनिज विभाग और परिवहन विभाग संयुक्त अभियान चलाकर ट्रैक्टर मालिकों की पहचान करेंगे?
- क्या जब्त ट्रैक्टर के मामले में केवल चालक पर कार्रवाई होगी या वाहन मालिक और रेत के वास्तविक कारोबारियों तक भी जांच पहुंचेगी?
अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला प्रशासन, खनिज विभाग, परिवहन विभाग और पुलिस इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं। चिरमिरी की जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर कार्रवाई चाहिए। आखिर कब तक रेत के अवैध कारोबार में लगे लोग प्राकृतिक संसाधनों की लूट और आम नागरिकों की जान के साथ खिलवाड़ करते रहेंगे? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या समय रहते इस पर शिकंजा कसेगा?




