खड़गवां धान खरीदी केंद्र में गड़बड़ी की आशंका! किसानों से 2 किलो अतिरिक्त धान लेने का मामला आया सामने, जनपद सदस्य ने खोला मोर्चा

खड़गवां धान खरीदी केंद्र में गड़बड़ी की आशंका! किसानों से 2 किलो अतिरिक्त धान लेने का मामला आया सामने, जनपद सदस्य ने खोला मोर्चा
स्लग: धान खरीदी केंद्र में गड़बड़ी | किसानों के धान पर सवाल, जांच के लिए पहुंचे राजस्व अधिकारी, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

एमसीबी/छत्तीसगढ़। संवाददाता उग्रसेन पाल।
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सीजन शुरू होते ही खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं और किसानों के साथ होने वाले व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ताजा मामला जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के खड़गवां धान खरीदी केंद्र से सामने आया है, जहां किसानों से लगभग 2 किलो अतिरिक्त धान लिए जाने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जनपद सदस्य युगांतर श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर खरीदी केंद्र की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए और तत्काल एसडीएम खड़गवां को इसकी सूचना दी।
जानकारी के अनुसार जनपद सदस्य युगांतर श्रीवास्तव अपने जनपद क्षेत्र खड़गवां के धान खरीदी केंद्र में किसानों से मुलाकात करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर कुछ किसानों पर पड़ी, जो पॉलीथिन में करीब 2 किलो धान लेकर समिति के अंदर जा रहे थे। यह दृश्य देखकर उन्होंने मामले की जानकारी लेने के लिए संबंधित कर्मचारियों से सवाल किया कि आखिर किसानों से यह अतिरिक्त धान किस उद्देश्य से लिया जा रहा है?
कर्मचारियों की ओर से जवाब दिया गया कि यह धान सैंपलिंग के लिए लिया जा रहा है। इस पर जनपद सदस्य ने सवाल उठाया कि जब धान की नमी जांचने के लिए मॉइस्चराइजर मशीन खरीदी केंद्र के बाहर रखी गई है, तो फिर किसानों से अलग से 2 किलो धान लेकर अंदर क्यों भेजा जा रहा है? क्या इसकी कोई निर्धारित प्रक्रिया है? क्या किसानों को इसकी जानकारी दी गई है? और यदि यह सैंपलिंग के लिए है तो इसकी पारदर्शी व्यवस्था क्यों नहीं दिखाई दे रही है?
बताया जा रहा है कि कर्मचारियों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जनपद सदस्य को खरीदी प्रक्रिया में अनियमितता की आशंका हुई। उन्होंने बिना देर किए एसडीएम खड़गवां को पूरे मामले से अवगत कराया और धान खरीदी केंद्र की व्यवस्था की जांच कराने की मांग की।
एसडीएम ने भेजी जांच टीम, मौके पर हुआ पंचनामा
मामले की सूचना मिलने के बाद एसडीएम खड़गवां ने तत्काल जांच टीम को मौके पर भेजा। जांच टीम में पटवारी और राजस्व निरीक्षक (आरआई) शामिल रहे। अधिकारियों ने धान खरीदी केंद्र पहुंचकर मौके की स्थिति का निरीक्षण किया और पंचनामा कार्रवाई की। अब इस मामले में प्रशासनिक जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर किसानों की नजरें टिकी हुई हैं।
किसानों के नाम पर नियमों की आड़ में कहीं हो रही मनमानी?
धान बेचने के लिए किसान महीनों तक मेहनत करते हैं। खेत तैयार करने से लेकर बीज, खाद, पानी, मजदूरी और फसल की कटाई तक किसान अपनी पूरी पूंजी लगा देता है। ऐसे में खरीदी केंद्रों पर यदि किसानों से बिना स्पष्ट जानकारी और निर्धारित प्रक्रिया के अतिरिक्त धान लिया जाता है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि 2 किलो धान सैंपलिंग के लिए लिया जा रहा है तो इसकी लिखित प्रक्रिया क्या है? क्या किसानों को इसकी जानकारी दी जाती है? क्या प्रत्येक किसान के साथ एक समान नियम लागू हो रहा है? और क्या इस प्रक्रिया का कोई रिकॉर्ड रखा जा रहा है?
यदि व्यवस्था में पारदर्शिता है तो अधिकारियों और समिति प्रबंधन को इन सवालों का स्पष्ट जवाब देना चाहिए। आखिर किसान अपनी उपज बेचने आया है या खरीदी केंद्र की व्यवस्थागत कमियों का बोझ उठाने?
जनपद सदस्य की दो टूक चेतावनी, कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन
जनपद सदस्य युगांतर श्रीवास्तव ने साफ शब्दों में कहा है कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धान खरीदी केंद्र किसानों की सुविधा के लिए बनाए गए हैं, न कि किसानों को परेशान करने के लिए। यदि एसडीएम कार्यालय की ओर से इस मामले में निष्पक्ष जांच कर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो वे किसानों के हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत की कमाई और उनकी उपज का एक-एक दाना कीमती है। किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
प्रशासन के सामने खड़े हैं ये बड़े सवाल
- किसानों से लिया जा रहा 2 किलो धान किस नियम के तहत लिया जा रहा था?
- सैंपलिंग के नाम पर धान लेने की क्या निर्धारित प्रक्रिया है?
- क्या इस प्रक्रिया की जानकारी किसानों को पहले से दी गई थी?
- क्या सभी किसानों के साथ एक समान व्यवस्था लागू की जा रही है?
- जांच में यदि अनियमितता मिलती है तो जिम्मेदार कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई होगी?
अब देखना यह होगा कि प्रशासन की जांच केवल पंचनामा तक सीमित रहती है या किसानों के हित में कोई ठोस कदम भी उठाया जाता है। क्योंकि धान खरीदी में पारदर्शिता केवल सरकारी दावा नहीं, बल्कि किसानों का अधिकार है। किसान अपनी मेहनत की फसल बेचने आता है, उसे खरीदी केंद्रों पर सवालों और परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ना चाहिए।
मो. 9691442556





